Breaking News

नये भारत में सरकार की योजनाओं का लाभ जनता के द्वार तक पहुँचा-सांसद जौनपुरिया

नये भारत में सरकार की योजनाओं का लाभ जनता के द्वार तक पहुँचा-सांसद जौनपुरिया
केंद्रीय संचार ब्यूरो की विकसित भारत मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का किया अवलोकन
टोंक, 11 जनवरी – एक समय था जब शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते थे, मगर फिर भी उन्हें योजनाओं का लाभ मिलने की कोई गारंटी नहीं होती थी, मगर आज ऐसा समय आया है कि सरकार खुद लोगों के दरवाजे पर पहुँचकर उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ मुहैया करा रही है। आज भारत का कोई घर ऐसा नहीं होगा जिसके सदस्यों को किसी न किसी योजना का लाभ न पहुँचा हो। उक्त विचार टोंक-सवाईमाधोपुर के सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने व्यक्त किए। वे केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के जयपुर प्रादेशिक कार्यालय द्वारा टोंक में आयोजित विकसित भारत प्रदर्शनी के दूसरे दिन आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। स्थानीय राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोठी नातमाम के सभागृह में इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन, प्रभु  बाडोलिया, बेनी प्रसाद जैन, विष्णु शर्मा, राजकुमार मीणा, दुर्गेश गुप्ता, ओमप्रकाश गुप्ता, देवराज गुर्जर, बीएसएनएल के जिला प्रबंधक कमलेश मीणा आदि उपस्थित थे।
सांसद जौनापुरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को न सिर्फ लागू किया है बल्कि इन योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद को मिले, इसे भी सुनिश्चित किया जा रहा है, चाहे वह प्रधानमंत्री आवास योजना हो, हर घर नल योजना हो, उज्ज्वला गैस योजना हो या फिर खाद्यान्न सुरक्षा योजना हो। उन्होंने कहा कि एक समय देश में ज्यादातर चीजें आयात करनी पड़ती थी मगर आज हम अनेक उत्पादों का निर्माण और निर्यात कर रहे हैं। आज देश दुनिया की पाँचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और आने वाले दो सालों में इसे तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प प्रधानमंत्री ने किया है।
इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए लक्ष्मी जैन ने कहा कि सबको शिक्षित किए बिना देश विकसित नहीं हो सकता इसलिए हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारे देश के हर बच्चे को अच्छी शिक्षा मिले। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में सहयोग करना होगा, तभी वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना पूरा हो सकेगा।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य शंकर शंभू गोगवाल ने नई शिक्षा नीति की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थियों की प्रतिभा और क्षमता के पूर्ण विकास की दृष्टि से नई शिक्षा नीति में अनेक क्रांतिकारी बदलाव किए गए हैं। इसके कारण न सिर्फ विद्यार्थियों का संपूर्ण विकास हो सकेगा बल्कि वे देश के विकास में भी अपना योगदान दे सकेंगे।
कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय प्रचार सहायक भारत भार्गव ने किया। आभार प्रदर्शन प्रेमसिंह ने व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में महिला पर्यवेक्षक शगुफ्ता खान ने महिला व बाल विकास विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। डाक विभाग के डाक सहायक श्री पार्थसारथी ने डाक विभाग की सुकन्या समृद्धि योजना, डिजिटल ट्रांजेक्शन सहित अनेक योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस समय सबसे ज्यादा ब्याज सुकन्या समृद्धि योजना में दिया जा रहा है। इसके अलावा महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी विशेष जमा योजनाएं चलाई जा रही हैं। कार्यक्रम में योग शिक्षक मदनलाल गुर्जर के मार्गदर्शन में योग टीम टोंक के विद्यार्थियों ने योग के विभिन्न आसनों की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। इस अवसर उपस्थित दर्शकों के लिए अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों के हाथों पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रदर्शनी स्थल पर डाक विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला व बाल विकास विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, राजीविका आदि विभागों के स्टाल लगाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जाँचकर दवाइयां भी दी जा रही हैं। विभिन्न संस्थाओं और विद्यालयों के विद्यार्थियों के अलावा बड़ी संख्या में महिलाओं और आमजनों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी हासिल की। यह प्रदर्शनी कल दिनांक 12 जनवरी को भी खुली रहेगी। इस दौरान स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का प्रसारण भी किया जाएगा।

Check Also

आम सूचना का खेल! अखबार में छपी, शहर में नहीं मिली — आपत्ति का समय भी निकल गया

🔊 Listen to this Gopal NayakChief Editor आम सूचना का खेल! अखबार में छपी, शहर …