Breaking News

ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मंत्री कन्हैयालाल चौधरी

ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मंत्री कन्हैयालाल चौधरी
तिलांजू ग्रामीण सेवा शिविर का मंत्री और जिला कलेक्टर ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए जनहित में त्वरित कार्रवाई के निर्देश
मालपुरा (टोंक)। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू-जल मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने गुरुवार को ग्राम पंचायत तिलांजू में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिला कलेक्टर टीना डाबी भी मौजूद रहीं। मंत्री चौधरी और जिला कलेक्टर ने शिविर में पहुंचकर आमजन से संवाद किया तथा राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा अन्य विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री चौधरी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त सभी परिवेदनाओं एवं आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के मिले तथा प्रशासन जनता के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह बने।
जिला कलेक्टर टीना डाबी ने भी शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास मजबूत हो रहा है।
मंत्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान और आमजन के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है तथा विकास योजनाओं की प्रगति को भी गति मिल रही है।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी कपिल शर्मा, तहसीलदार पवन मातवा, विकास अधिकारी महेंद्र जैन, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। ग्रामीणों ने शिविर आयोजन की सराहना करते हुए इसे जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बताया।

Check Also

मालपुरा की विकास गाथा: संघर्ष से समृद्धि तक का सुनहरा सफर

🔊 Listen to this Gopal NayakChief Editor मालपुरा की विकास गाथा: संघर्ष से समृद्धि तक …