Chief Editor
बीसलपुर बांध से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026’ का शुभारंभ
टोंक।
गंगा दशमी के पावन अवसर पर सोमवार को बीसलपुर बांध से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026’ का विधिवत शुभारंभ किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री ने जल पूजन कर प्रदेश में अच्छी बारिश एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने बीसलदेव महादेव मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा दशहरा का दिन भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व रखता है। ऋषि-मुनियों की तपस्या से मां गंगा पृथ्वी पर अवतरित हुईं और मानव जीवन की आधार बनीं। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है और हर नागरिक को जल संरक्षण की इस मुहिम में सहभागी बनना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 25 मई से 5 जून तक प्रदेशभर में अभियान चलाकर गांव-गांव जल संरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरण किया जाएगा। कुएं, बावड़ियों, तालाबों और अन्य जल स्रोतों की साफ-सफाई, श्रमदान, जल चौपाल, प्रभात फेरी, पौधारोपण तथा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। विभिन्न विभागों द्वारा नए जल संरक्षण कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राजस्थान के ऐसे पहले मुख्यमंत्री बने जिन्होंने बीसलपुर बांध पहुंचकर स्काडा प्रणाली का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से जल संग्रहण प्रणाली, जल प्रबंधन एवं बांध संचालन की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीसलपुर बांध पूर्वी राजस्थान के कई जिलों के लिए पेयजल आपूर्ति का प्रमुख आधार है। उन्होंने अधिकारियों को बांध क्षेत्र में नई संरचनाओं के निर्माण, बनास नदी के रिचार्ज, श्रृंखलाबद्ध एनिकट निर्माण तथा आवश्यक स्थानों पर गेट लगाने के निर्देश दिए, ताकि वर्षाजल संरक्षण और भू-जल पुनर्भरण को और मजबूत किया जा सके।
मुख्य अभियंता जल संसाधन भुवन भास्कर ने वीडियो प्रस्तुतीकरण के माध्यम से स्काडा प्रणाली की कार्यप्रणाली की जानकारी दी।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने ईसरदा बांध का हवाई सर्वेक्षण कर जल संरक्षण, जल प्रबंधन और सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान रामजल सेतु लिंक परियोजना के फीडर चैनल से जुड़े कार्यों की भी जानकारी ली गई।

इस अवसर पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, विधायक राजेन्द्र गुर्जर, शत्रुघ्न गौतम, रामसहाय वर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार, संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़, जिला कलेक्टर टीना डाबी, पुलिस अधीक्षक रोशन मीना, जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
राजस्थान लाइव न्यूज 24 Latest Online Breaking News