Chief Editor
आम सूचना का खेल! अखबार में छपी, शहर में नहीं मिली — आपत्ति का समय भी निकल गया
मालपुरा (टोंक)।
नगर पालिका में इन दिनों “आम सूचना” को लेकर एक मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। आरोप है कि एक कॉलोनाइजर द्वारा कृषि भूमि को गैर कृषि उपयोग में बदलने के लिए दिए गए आवेदन की आम सूचना अखबार में तो प्रकाशित कर दी गई, लेकिन जिस दिन सूचना छपी उस दिन शहर में संबंधित अखबार की प्रतियां उपलब्ध ही नहीं हुईं। ऐसे में आमजन तक सूचना पहुंच ही नहीं सकी और आपत्ति दर्ज कराने का अवसर भी निकल गया।

जानकारी के अनुसार नियमों के तहत किसी भी भूमि के उपयोग परिवर्तन से पहले आम सूचना जारी करना आवश्यक होता है, ताकि यदि किसी व्यक्ति को आपत्ति हो तो वह निर्धारित समय में अपनी आपत्ति दर्ज करवा सके। लेकिन इस मामले में सूचना तो औपचारिक रूप से प्रकाशित हो गई, मगर शहर में अखबार उपलब्ध नहीं होने से आम जनता तक इसकी जानकारी नहीं पहुंच पाई।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों का कहना है कि आम सूचना का उद्देश्य जनता को जानकारी देना होता है। इससे यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या यह महज संयोग है या फिर सूचना को आमजन से दूर रखने की कोशिश।
शहर में अवैध कॉलोनियों के मामले पहले से ही चर्चा में रहे हैं। ऐसे में इस तरह के मामलों से पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि कॉलोनाइजर नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए कॉलोनियां बसाते जा रहे हैं, जबकि प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई कम ही देखने को मिलती है।
हालांकि जब इस संबंध में सवाल उठाए जाते हैं तो जिम्मेदारों की ओर से एक ही जवाब दिया जाता है कि सभी कार्य नियमानुसार किए जा रहे हैं।
फिलहाल यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर “आम सूचना” आम जनता तक कब और कैसे पहुंचेगी।
राजस्थान लाइव न्यूज 24 Latest Online Breaking News