
Chief Editor
12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के : ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर
टोंक। प्रदेश के ऊर्जा एवं जिला प्रभारी मंत्री हीरा लाल नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रभावी प्रयास किया है।
जिला परिषद सभागार टोंक में आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” कार्यक्रम के तहत मीडिया को संबोधित करते हुए मंत्री नागर ने कहा कि यह अवधि “संकल्प से सिद्धि” और विकसित भारत के निर्माण की साक्षी रही है। उन्होंने कहा कि देश आज दुनिया की प्रमुख आर्थिक शक्तियों में शामिल हो चुका है तथा 25 करोड़ नागरिक बहुआयामी गरीबी से बाहर निकले हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक पक्के मकान बनाए गए हैं, जबकि 81 करोड़ लोगों को हर महीने मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। हर घर जल योजना के माध्यम से 16 करोड़ घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया गया है। वहीं आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ नागरिकों को सालाना 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की जा रही है।
किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि के अंतर्गत 4.3 लाख करोड़ रुपये सीधे खातों में हस्तांतरित किए गए हैं। साथ ही किसानों को फसल लागत से डेढ़ गुना न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी दी गई है। उन्होंने कहा कि देश के करीब 2 करोड़ किसान और 3 लाख व्यापारी ई-नाम पोर्टल से जुड़े हैं।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि देश में 3 करोड़ से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं और वर्ष 2030 तक 3 करोड़ और महिलाओं को इस श्रेणी में लाने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि मुद्रा योजना के तहत 40 लाख करोड़ रुपये से अधिक के बिना गारंटी ऋण वितरित किए गए, जिनमें 75 प्रतिशत लाभार्थी महिलाएं हैं।
उन्होंने कहा कि भारत डिजिटल लेनदेन, स्टार्टअप, नवीकरणीय ऊर्जा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश में 2.2 लाख से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हुए हैं, जिनसे 23 लाख से ज्यादा रोजगार सृजित हुए हैं। वहीं दुनिया का सबसे ऊंचा चिनाब रेलवे ब्रिज, अटल सेतु और वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी परियोजनाएं नए भारत की पहचान बनी हैं।
मंत्री नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान भी विकास के कई क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। उन्होंने टोंक सहित पूरे प्रदेश को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
प्रेस वार्ता में राजेन्द्र गुर्जर, रामसहाय वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राजस्थान लाइव न्यूज 24 Latest Online Breaking News