Breaking News

टोड़ारायसिंह में हिंदू नववर्ष व राजस्थान दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, भव्य भगवा रैली ने रचा उत्सव का माहौल

टोड़ारायसिंह में हिंदू नववर्ष व राजस्थान दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, भव्य भगवा रैली ने रचा उत्सव का माहौल
टोड़ारायसिंह (टोंक)।
हिंदू नववर्ष और राजस्थान दिवस के पावन अवसर पर टोड़ारायसिंह कस्बे में सर्व हिंदू समाज के तत्वावधान में निकली विशाल भगवा रैली ने पूरे शहर को उत्सवमय बना दिया। जयघोष, धर्मध्वज और भक्ति के रंग में रंगी इस रैली में जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिसने कस्बे की फिजा को पूरी तरह धार्मिक और सांस्कृतिक रंग में सराबोर कर दिया।
रैली का नेतृत्व पीएचईडी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी और भाजपा जिला महामंत्री संत कुमार जैन ने किया। उनके साथ ब्लिस निदेशक राधा चौधरी, पूर्व डीआर रामचंद्र गुर्जर, शहर मंडल अध्यक्ष सुनील भारत शर्मा, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष उज्जवल गौतम (तोषी) और शहर मंडल अध्यक्ष अनुज जैन सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे।
भगवा रैली की शुरुआत जगत गुरु शंकराचार्य सर्किल से गगनभेदी जयकारों के साथ हुई। हाथों में भगवा ध्वज थामे श्रद्धालु “जय श्रीराम” और धर्म संस्कृति के जयघोष करते हुए आगे बढ़ते रहे। रैली कस्बे के आम सागर, राजकीय अस्पताल, ब्रह्म अखाड़ा, चारभुजानाथ मंदिर, माणक चौक, बत्तीसी बाजार, कटला चौराहा, सब्जी मंडी, मूर्ति मोहल्ला, भूडापोल दरवाजा, ज्योतिबा फूले सर्किल, शाहपुरा बालाजी और स्टेट बैंक चौराहा सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर जयपुर रोड स्थित गंतव्य स्थल तक पहुंची।
रैली के दौरान डीजे पर धार्मिक और देशभक्ति गीतों की धुन पर युवा जोश के साथ झूमते नजर आए, वहीं कई श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे। पीत वस्त्र और भगवा परिधान में सजे महिला-पुरुष आकर्षण का केंद्र बने रहे।
विशेष आकर्षण के रूप में भगवान राम, माता सीता और हनुमान की सजीव झांकियां सजाई गईं, जिन्हें देखने के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद नजर आया, जिससे रैली शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

Check Also

15 लाख का यात्री प्रतीक्षालय या लीपापोती? मालपुरा बस स्टैंड पर सुविधाएं नदारद

🔊 Listen to this Gopal NayakChief Editor 15 लाख का यात्री प्रतीक्षालय या लीपापोती? मालपुरा …