मालपुरा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का भव्य पथ संचलन, पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत
मालपुरा (टोंक)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मालपुरा के तत्वावधान में रविवार को भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ हायर सेकेंडरी स्कूल के उत्सव खेल मैदान में हुआ, जहां मुख्य अतिथि के रूप में गौ सेवा गतिविधि प्रांत सह संयोजक मोहन सिंह, विशेष अतिथि महावीर सोनी लांबा हरिसिंह एवं खंड संघचालक प्रहलाद शर्मा मंचासीन रहे। ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई।
अपने उद्बोधन में मोहन सिंह ने कहा कि “1925 में जब पूजनीय डॉक्टर साहब ने संघ की स्थापना की, तब हिंदू समाज अत्यंत विस्मृत और बिखरा हुआ था। आज 100 वर्ष बाद संघ देश और विदेश में वटवृक्ष के समान फैल चुका है।”
उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष के पांच प्रमुख आयाम — स्व का बोध, कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, नागरिक कर्तव्य और पर्यावरण संरक्षण पर कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही स्वयंसेवकों को नियमित शाखाओं में भाग लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में खंड संघचालक प्रहलाद शर्मा ने सभी अतिथियों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात खेल मैदान से प्रारंभ हुआ पथ संचलन नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरता हुआ विजयवर्गीय सेवा सदन पर संपन्न हुआ।
पथ संचलन में सैकड़ों स्वयंसेवक विभिन्न वाहिनियों में पूर्ण गणवेश में संघ घोष की थाप पर कदम से कदम मिलाते हुए आगे बढ़े। संचलन के साथ भगवान श्रीराम का रथ विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया, जयघोष लगाए और कई संस्थाओं ने तोरण द्वार व रंगोलियों से मार्ग सजाया।
भव्य आयोजन के दौरान मालपुरा शहर भगवा रंग में रंगा नजर आया और “भारत माता की जय” के उद्घोष से वातावरण गूंज उठा।
राजस्थान लाइव न्यूज 24 Latest Online Breaking News