Breaking News

जिला कलेक्टर ने अंत्योदय संबल शिविर का निरीक्षण किया लाभार्थियों को सौंपे आवासीय पट्टे

जिला कलेक्टर ने अंत्योदय संबल शिविर का निरीक्षण किया
लाभार्थियों को सौंपे आवासीय पट्टे
टोंक, 8 जुलाई। जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने उपखंड निवाई दौरा कर ग्राम पंचायत भरथला में पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला कलेक्टर ने विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉल्स का निरीक्षण कर शिविर में आमजन के किए जा रहे काम का अवलोकन किया। उन्होंने लाभार्थियों एवं आमजन से संवाद कर शिविर में लाभ प्राप्त करने एवं शिविर की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने आमजन की परिवेदनाओं को सुनकर उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने उपखंड अधिकारी अनिता खटीक व बीडीओ राजेश्वरी यादव को निर्देश दिये कि शेष रहे कैंपों में सभी व्यवस्थाएं पुख्ता रखे जिससे आमजन को इन कैंपों का पूरा लाभ मिल सके। साथ ही, यह सुनिश्चित करें कि शिविर में अधिकाधिक लोगों की परिवेदनाओं पर आवश्यक कार्यवाही कर मौके पर लाभ दिया जावे।
अंत्योदय संबल पखवाड़ें में लोगों को मिले आवासीय पट्टे
पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा ग्रामीणों के लिए सहारा बने है। मंगलवार को ग्राम पंचायत भरथला में आयोजित शिविर में 5 लोगों बलराम सिंह, प्रहलाद सैन, कमलेश कंवर, जसोदा देवी और रमेश चंद मीणा का उनके वर्षों पुराने आवासीय पट्टे का इंतजार खत्म हुआ। इन लोगों को मौके पर ही उनके आवासीय पट्टे सौंपे गए, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। लाभार्थियों ने कहा कि ग्राम पंचायत में आयोजित इस शिविर में त्वरित कार्रवाई करते हुए, पंचायत समिति विकास अधिकारी राजेश्वरी यादव ने उनके आवेदन स्वीकार करवाए। इसके बाद सरपंच और ग्राम पंचायत के कार्मिकों ने सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा किया। आवासीय पट्टे प्राप्त होने पर लाभार्थियों ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का हृदय से आभार व्यक्त किया।

Check Also

“जहाँ शिकायत करनी है कर दो…” ई-मित्र संचालक की कथित दबंगई, कलेक्टर से कार्रवाई की मांग

“जहाँ शिकायत करनी है कर दो…” ई-मित्र संचालक की कथित दबंगई, कलेक्टर से कार्रवाई की …