
Chief Editor
वंदे गंगा-जल संरक्षण जन अभियान का उत्सवी आगाज,
चतुर्भुज तालाब पर पूजा अर्चना के साथ हुआ विधिवत शुभारंभ, जल संरक्षण की ली शपथ
गंगा दशमी जल कलश यात्रा ने किया अधिकाधिक भागीदारी का आह्वान
लव-कुश वाटिका का हुआ लोकार्पण, शहरवासी होंगे प्राकृतिक वातावरण से रूबरू
टोंक, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस एवं गंगा दशमी पर जिलेभर में वंदे गंगा- जल संरक्षण जन अभियान का आगाज गुरुवार को चतुर्भुज तालाब पर विधिवत रूप से अतिथियों ने पूजा अर्चना के साथ किया। इससे पूर्व कलेक्ट्रेट परिसर से चतुर्भुज तालाब तक बैंड बाजे के साथ निकाली गई विशाल कलश यात्रा आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर जिला प्रमुख सरोज बंसल ने कहा कि हमारी धरती पंचतत्वों से मिलकर बनी है। हर नागरिक का यह कर्तव्य है कि इन पंचतत्वों को सम्मान कर धरती को प्रदूषित नहीं करें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हमारी आने वाली पीढ़ियों के विकास के लिए बेहद जरूरी है। जल है तो कल है इस बात को दर्शाता है कि धरती पर सभी के जीवन के अस्तित्व के लिए जल कितना जरूरी है। यदि हम आज जल संरक्षण को प्राथमिकता नहीं देंगे और आने वाली पीढ़ियांे को इसके बारे में जागरूक नहीं करेंगे तो मनुष्य एवं सभी जीवित प्राणियों का जीवन खतरे में पड़ जायेगा।
देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेश भर में शुरू हुए इस अभियान को आवश्यक बताया और कहा कि इससे जल संरक्षण के प्रति व्यापक चेतना का संचार होगा। उन्होंने इसे जन अभियान बनाने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि हमें अपने प्राचीन जल स्त्रोतांे को बचाने के लिए प्रयास करने होंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियों को पानी की कमी का सामना नहीं करना पड़े।
निवाई-पीपलू विधायक रामसहाय वर्मा ने जल संरक्षण जन अभियान की संकल्प की शपथ दिलाई। साथ ही, कहा कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल एवं पर्यावरण संरक्षण, हरियालों राजस्थान, स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त अभियान को सफल बनाने में सभी आमजन अपनी भागीदारी निभाएं।
पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने कहा कि आने वाले दिनों में वे चतुर्भुज तालाब के चारों ओर वृक्षारोपण करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे, ताकि इस तालाब की सुंदरता को और अधिक बढ़ाया जा सके। पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता ने लोगों को दैनिक जीवन में जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान जल संकट को कम करने के लिए लोगों को जल संरक्षण के महत्व को समझना होगा। मंच संचालन प्रदीप पंवार ने किया।
इस दौरान जिला प्रभारी सचिव अर्चना सिंह, जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा, एडीएम रामरतन सौंकरिया, सीईओ परशुराम धानका, एएसपी बृजेंद्र सिंह भाटी, जलदाय विभाग के एसई राजेश गोयल, जल ग्रहण एवं भू संरक्षण विभाग के एसई ओमप्रकाश देवनानी, पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन, सतीश चंदेल, नरेश बंसल समेत जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
नवनिर्मित लव-कुश वाटिका का हुआ लोकार्पण, शहरवासी प्राकृतिक वातावरण से होंगे रुबरु
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आंतड़िया के बालाजी के पास वन विभाग द्वारा निर्मित लव-कुश वाटिका का लोकार्पण किया गया। इस दौरान जिला प्रमुख सरोज बंसल, देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर, निवाई-पीपलू विधायक रामसहाय वर्मा, जिला प्रभारी सचिव, अर्चना सिंह, जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा, जिला वन मंडल अधिकारी मरिय ए शाहिन, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता, पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन, संतीश चंदेल, नरेश बंसल समेत जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। लव-कुश वाटिका परिसर में अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने कहा कि हरियालों राजस्थान अभियान के तहत एक पौधा स्वयं के नाम से भी लगाएं जिससे हमारी स्मृतियां जीवन भर पौधे के साथ जुड़ी रह सके। जिला कलेक्टर ने कहा कि लव-कुश वाटिका के निर्माण से यहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। लव-कुश वाटिका का प्राकृतिक वातावरण लोगों को आकर्षित करेगा।