Chief Editor
टोंक के कलमंडा में खौफनाक वारदात: मस्जिद में विवाद के बाद नमाजी को जिंदा जलाने की कोशिश, इमाम फरार
रमजान के पवित्र महीने में इंसानियत शर्मसार • शौचालय में बंद कर पेट्रोल से जलाने का आरोप • गंभीर हालत में जयपुर रेफर • गांव में दहशत और आक्रोश
मालपुरा (टोंक)
टोंक जिले के कलमंडा गांव में गुरुवार सुबह एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मस्जिद जैसे पवित्र स्थल पर हुए इस सनसनीखेज घटनाक्रम में इमाम पर एक नमाजी को जिंदा जलाने की कोशिश का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद गांव में भय, आक्रोश और चिंता का माहौल व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे मस्जिद परिसर में इमाम और एक नमाजी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि इमाम ने रोजेदार की जान लेने की कोशिश तक कर डाली।
आरोप है कि विवाद के बाद इमाम ने नमाजी को निशाना बनाते हुए उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। उस समय पीड़ित मस्जिद के शौचालय में मौजूद था। बताया जा रहा है कि बाहर से कुंडी बंद कर दी गई, जिससे वह अंदर ही फंस गया और खुद को बचाने में असमर्थ हो गया।
कुछ ही पलों में अंदर से चीख-पुकार और मदद की आवाजें आने लगीं। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े और किसी तरह दरवाजा खोलकर आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई, हालांकि तब तक पीड़ित बुरी तरह झुलस चुका था।
घायल की पहचान हकीम पिनदारा (उम्र करीब 45 वर्ष), निवासी कलमंडा के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के लिए उसे तुरंत मालपुरा जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया।
परिजनों के अनुसार, हकीम पिनदारा जयपुर में रहकर मेहनत-मजदूरी करता है, जबकि उसका परिवार गांव में ही निवास करता है। रमजान के पाक महीने में वह अपने गांव आया हुआ था। वह रोजे रख रहा था और नियमित रूप से मस्जिद में नमाज अदा करता था। अधिकांश समय वह मस्जिद में इबादत में ही बिताता था।
वहीं, आरोपी इमाम की पहचान अब्दुल रशीद (उम्र करीब 22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिलाड़ा (जोधपुर) का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, वह रमजान के दौरान नमाज अदा करवाने के लिए करीब एक महीने पहले ही कलमंडा गांव आया था।
घटना के बाद आरोपी ने गांव के ही एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल जो घर के बाहर खड़ी थी, लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
प्रारंभिक जानकारी में यह तथ्य भी सामने आया है कि दोनों के बीच घटना से एक दिन पहले भी किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। माना जा रहा है कि उसी विवाद ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रमजान के पवित्र महीने में इस तरह की घटना ने पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों को स्तब्ध कर दिया है। ईद से पहले, अलविदा जुम्मे के करीब हुई इस वारदात ने लोगों के मन में भय और असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। ग्रामीणों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।
मस्जिद जैसे धार्मिक स्थल पर इस तरह की हिंसक घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग यह सोचने पर मजबूर हैं कि आखिर विवाद इतना कैसे बढ़ गया कि किसी की जान लेने की कोशिश तक पहुंच गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।
राजस्थान लाइव न्यूज 24 Latest Online Breaking News