जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने सआदत चिकित्सालय का निरीक्षण किया
रोगी अस्पताल में उपचार के लिए परेशान नहीं हो और उसे बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिले
टोंक, 8 जुलाई। आमजन सरकारी अस्पतालों में उपचार के लिए परेशान नहीं हो और उन्हें अस्पताल में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलें। इसे लेकर जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने मंगलवार को जिला मुख्यालय के सबसे बड़े सआदत अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। जिला कलेक्टर ने सआदत अस्पताल के निरीक्षण के दौरान वार्डों में जाकर रोगियों एवं उनके परिजनों से मिल रहे उपचार की जानकारी ली एवं डॉक्टरों व चिकित्सा स्टाफ को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पीएमओ डाॅ. हनुमान प्रसाद बैरवा एवं दवा वितरण केंद्रों के स्टाफ को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना के तहत सभी काउंटरों पर दवा मिले। बीमार मरीज को दवा लेने के लिए अलग-अलग काउंटरों पर नहीं भेजें, व्यवस्थाओं को दुरुस्त करें। रोगी के स्थान पर अपने आप को रखकर सोचे। उनकी परेशानी को और नहीं बढ़ाएं।
जिला कलेक्टर ने डेढ घंटे के अपने निरीक्षण के दौरान हर वार्ड में जाकर चिकित्सा व्यवस्था की स्थिति को देखा। उन्होंने टेली मेडिसिन के ई संजीवनी पोर्टल पर रोगियों को ऑनलाइन उपचार देने के संबंध में पीएमओ को निर्देशित किया कि रोग के अनुसार विशेषज्ञ डॉक्टर के द्वारा उपचार की जानकारी दी जाए। जिला कलेक्टर ने सोनोग्राफी पंजीकरण काउंटर पर जाकर रोगियों से बात की। चिकित्सा स्टाफ ने बताया कि सोनोग्राफी में 24 घंटे से ज्यादा वेटिंग नहीं रहती है।
रोगियों ने चिकित्सा सुविधाओं को बताया बेहतर
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर को पुरानी टोंक निवासी खुशनूर, रिजवाना एवं निवाई निवासी फोरंती ने बताया कि अस्पताल की चिकित्सा सुविधाएं बेहतर है। समय-समय पर डॉक्टर एवं चिकित्सा स्टाफ सार-संभाल करने के लिए आते है। इस दौरान जिला कलेक्टर से ग्राम हमीरपुर से आए दिव्यांग सीताराम ने दिव्यांग चिकित्सा प्रमाण पत्र बनाने की गुहार लगाई। जिला कलेक्टर ने पीएमओ को दिव्यांग का चिकित्सा प्रमाण पत्र बनाने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामरतन सौकरिया, नायब तहसीलदार पूजा अटल भी मौजूद रहे।
गहलोद हाई लेवल ब्रिज एवं नवीन चिकित्सालय के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया
जिला कलेक्टर ने बनास नदी पर बन रहे टोंक, पीपलू एवं मालपुरा को जोड़ने वाले गहलोद हाई लेवल ब्रिज के निर्माण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता एचएल मीणा से ब्रिज के निर्माण कार्य के अपडेट स्थिति की जानकारी ली। साथ ही, इसे तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए। एसई ने बताया कि इस ब्रिज का निर्माण कार्य आगामी एक से दो माह में पूर्ण हो जायेगा। इसके पश्चात जिला कलेक्टर ने सआदत अस्पताल के समीप बन रहे नवीन चिकित्सालय के निर्माण कार्य को भी देखा। निर्माण कार्य कर रही आरएसआरडीसी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर लोकेश गुप्ता से मेडिकल एवं नर्सिंग कॉलेज के निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली।
राजस्थान लाइव न्यूज 24 Latest Online Breaking News