Breaking News

जल संरक्षण अभियान पंरपरा और भविष्य दोनों को सहेजने का प्रयास-राजेंद्र गुर्जर

जल संरक्षण अभियान पंरपरा और भविष्य दोनों को सहेजने का प्रयास-राजेंद्र गुर्जर
टोंक, 16 जून। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का जिला स्तरीय कार्यक्रम सोमवार को अलीगढ़ में आयोजित हुआ। पंचायत समिति सभागार में हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जल संरक्षण अभियान पंरपरा और भविष्य दोनों को सहेजने का प्रयास है। विधायक ने कहा कि हमारे प्राचीन जल स्त्रोत केवल जल का भंडारण भर नहीं है, बल्कि ये हमारी विरासत और सामुदायिक जीवन के केंद्र रहे है। बावड़ियां, कुएं, तालाब यह सभी हमारी धरोहर है। उन्होंने कहा कि सभी लोग पेड़ लगाएं और उसकी देखभाल करें। उन्होंने अधिकारियों को धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में उपखंड उनियारा की 22 ग्राम पंचायतों में लगने वाले शिविरों में अधिकाधिक जनजातीय वर्ग के लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
जिला प्रमुख सरोज बंसल ने कहा कि प्लास्टिक का अंधाधुंध उपयोग से हमारे पर्यावरण और स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। इसके साथ ही, भविष्य भी संकट में है। यह सैकड़ांे वर्षो तक नष्ट नहीं होता और जमीन, जलवायु सभी को प्रदूषित करता है। सभी लोग प्लास्टिक का उपयोग नहीं करें तथा कचरें को यहां-वहां नहीं डाले। कार्यक्रम में प्रधान फूल बाई मीना और पूर्व पालिकाध्यक्ष शंकर लाल ठाडा ने भी जल संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त किए।
कलश यात्रा निकाली, श्रमदान और पौधारोपण किया
कस्बे की महिलाओं ने अंबेडकर सर्किल से कलश यात्रा एवं जल संरक्षण जन जागरूकता रैली निकाली। विधायक राजेंद्र गुर्जर, जिला प्रमुख सरोज बंसल, प्रधान फूलबाई मीना, सीईओ परशुराम धानका, एसीईओ ललित कुमार, जल ग्रहण एवं भू-संरक्षण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओमप्रकाश देवनानी ने विधिवत रूप से पीपल के वृक्ष का पूजन कर जिले में अच्छी वर्षा की कामना की। इसके पश्चात पीपल का पौधारोपण कर श्रमदान किया।
पोस्टर का किया विमोचन
अतिथियों ने कार्यक्रम के दौरान धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के जिले में शिविर आयोजन के ग्राम पंचायत एवं तिथि वार कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया। इसके बाद विधायक राजेंद्र गुर्जर ने जनसुनवाई कर क्षेत्र के लोगों की व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं को सुना और अधिकारियों को समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान उपखंड अधिकारी शत्रुघन गुर्जर, तहसीलदार विकास अधिकारी प्रवीण कुमार सैनी, विकास अधिकारी शंकर लाल मेघवाल समेत अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Check Also

घर-घर जाकर किया जा रहा SIR का कार्य, वार्ड 2 की कालबेलिया बस्ती में बीएलओ ने भरे परिगणना प्रपत्र

🔊 Listen to this Gopal NayakChief Editor घर-घर जाकर किया जा रहा SIR का कार्य, …