Breaking News

गाँधी पार्क हुआ पालिका की उपेक्षा का शिकार। दुर्दशा पर बहा रहा है आंसू।

गाँधी पार्क हुआ पालिका की उपेक्षा का शिकार।

दुर्दशा पर बहा रहा है आंसू।

मालपुरा (टोंक) 25 दिसम्बर।

मालपुरा शहर का ह्र्दयस्थली कहे जाने वाला गांधी पार्क आज देखरेख के अभाव में अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। कभी बच्चों की किलकारियों से गूंजने वाला गांधी पार्क आज बच्चों की बाट जोता नजर आता है। पहले शाम सवेरे शहर के महिला पुरुष हो या बुजुर्ग व्यक्ति गांधी पार्क में घूमने आया करते थे।

लेकिन आज घूमंतू जानवर इस पार्क में घूमते रहते हैं। कभी हरियाली और महकते फूलों से आच्छादित रहने वाला पार्क वीरान हो गया है। पेड़ पौधे सूख चुके हैं, हरियाली और खुशबू बिखेरते फूल गायब हो चुके हैं। वहीं पार्क में असामाजिक तत्वों व सटोरियों का भी जमघट लगा रहता है।

लोगों की मानें तो पालिका द्वारा पहल किए जाने से इस पार्क की स्थिति सुधर सकती हैं। अगर पार्क की साफ-सफाई कर इसे विकसित किया जाए तो सुबह सैर करने निकलने वालों को इसका फायदा मिल सकता है। वहीं आसपास रहने वाले बच्चों को सड़क पर खेलने पड़ता है, जिसके चलते वे हादसे का शिकार भी हो जाते हैं।

अगर पार्क को विकसित किया जाए तो बच्चे यहां आकर खेल सकते हैं। वहीं बुजुर्ग लोग भी यहां आकर समय व्यतीत कर सकते हैं। पार्क की सही देखरेख के अभाव में कई प्रकार की सुविधाओं से भी जूझ रहा पार्क इन दिनों दुर्दशा का शिकार है। पार्क में पिछले कई सालों से बच्चों के झूले, फिसलपट्टी सहित उपकरण भी टूट चुके हैं। रात को पार्क का सौन्दर्यकरण बढ़ाने वाला फव्वारा भी सालों से बंद पड़ा है। इससे बच्चों को भी पार्क में मिलने वाली सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही है।आवारा पशु भी पार्क में विचरण करते रहते हैं जिससे पशुओं का गोबर जमा रहता हैं। पार्क की दुर्दशा सुधारने को लेकर के जनप्रतिनिधियों से भी लोगों ने कई बार गुहार लगाई लेकिन इसके बावजूद भी हालत बदहाल बनी हुई हैं।
वहीं नगर पालिका की और से लाखों रुपए शहर के सौंदर्यीकरण के नाम पर खर्च किए जाते है लेकिन पालिका प्रशासन की बन्द पड़ी आँखें गांधी पार्क की दुर्दशा को देख नही पाती है।

राष्ट्रपिता कहे जाने वाले महात्मा गांधी जी का पार्क आज पालिका प्रशासन व जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के चलते उजड़ता जा रहा है। स्थानीय विधायक कन्हैया लाल चौधरी को  विकास पुरुष के नाम से जाना जाता है। लेकिन गांधी पार्क के हालात तो विकास पुरुष पर सवालिया निशान खड़े कर रहे हैं। मालपुरा टोडारायसिंह विधानसभा से लगातार 2 बार विधायक रह चुके है कन्हैया लाल चौधरी। इन 8-9 सालो में विधायक साहब ने क्षेत्र के विकास व सौन्दर्यकरण को लेकर बड़े बड़े दावे किए हैं।लेकिन शहर की ह्र्दयस्थली कहे जाने वाले गांधी पार्क की और विधायक साहब का आज तक ध्यान नही गया।

Check Also

कृषि एवं पशुपालन में किसान नवीन तकनीक अपनाएं : प्रो. एस.पी. सिंह बघेल

🔊 इस खबर को सुने Gopal NayakChief Editor केंद्रीय भेड़ एवं ऊन अनुसंधान संस्थान अविकानगर …